Lok Sabha Elections 2024: उत्तर प्रदेश के रायबरेली से सांसद और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) इस बार लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी। कांग्रेस के शीर्ष सूत्रों ने सोमवार को कहा कि सोनिया गांधी के राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की उम्मीदवार होने की संभावना है। अगर यह खबर सही साबित होती है तो कांग्रेस के इस फैसले के बाद सोनिया गांधी की 25 साल की लोकसभा यात्रा समाप्त हो जाएगी। इस सप्ताह आने वाली पार्टी लिस्ट में सोनिया गांधी के अलावा अभिषेक मनु सिंघवी, अजय माकन और अखिलेश प्रसाद सिंह के नाम शामिल होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, इस बार लोकसभा चुनाव में सोनिया गांधी की सीट से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) चुनाव लड़ सकती हैं।