महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (MHADA) के कोंकण बोर्ड ने 5,311 सस्ते घरों की लॉटरी स्कीम का ऐलान किया है। ये घर मुंबई के नजदीक थाणे, पालघर और रायगढ़ के सैटेलाइट टाउंस में स्थित हैं। इन घरों की कीमतें 9 से 49 लाख के बीच हैं। इनमें से 1,000 घर प्रधान मंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत बेचे जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर (EWS) के तहत इस स्कीम का फायदा उठाने के लिए फैमिली इनकम की सीमा तय की है। यह सीमा 3 से 6 लाख रुपये के बीच है। MHADA को उम्मीद है कि इस कैटेगरी में ज्यादा लोग अप्लिकेशंस दे सकते हैं।
कितनी हैं घरों की कीमतें?
MHADA के सीईओ और वाइस प्रेसिडेंट संजीव जायसवाल ने कहा कि इस स्कीम के लिए ग्राहक 16 अक्टूबर, 2023 तक अप्लिकेशंस दे सकते हैं। लॉटरी के नतीजे 7 नवंबर को घोषित होंगे। MHADA की तरफ से पब्लिश्ड लिस्ट के मुताबिक, यह सस्ते घर मुंबई के नजदीक वासी, विरार, टिटवाला, थाणे, कल्याण, मुंब्रा आदि में होंगें। इनका कारपेट एरिया 258-667 वर्फ फीट के बीच है। इसमें सबसे सस्ता अपार्टमेंट 9.89 लाख रुपये का है, जिसका एरिया 258 वर्ग फीट होगा। सबसे महंगा अपार्टमेंट 49.81 लाख रुपये का है, जिसका एरिया 667 वर्ग फीट है। यह विरार में है। इस स्कीम के तहत कई अपार्टमेंट्स पर अभी कंस्ट्रक्शन वर्क चल रहा है।
सस्ते घरों की इस स्कीम में रजिस्ट्रेशन प्रोसेस पूरी तरह ऑनलाइन है। इसके लिए https://housing.mhada.gov.in/ पर जाना होगा। 2023 में MHADA की दूसरी स्कीम है। MHADA के पुणे बोर्ड ने भी 5,863 सस्ते घरों की स्कीम का ऐलान किया है। ये घर पुणे, सोलापुर, सांगली और कोल्हापुर में हैं। इस स्कीम के तहत घरों की कीमतें 5 लाख रुपये से 1.11 करोड़ के बीच हैं। इन 5,863 सस्ते घरों में 2,445 पहले आओ पहले पाओ के आधार पर बेचे जा रहे हैं। इस स्कीम के लिए अप्लाई करने की अंतिम तारीख 27 सितंबर है।
कितने तरह के घर के विकल्प हैं?
इस स्कीम के तहत 1 आरके, 1 बीएचके, 2 बीएचके और 3 बीएचके के अपार्टमेंट उपलब्ध हैं। सबसे छोटा अपार्टमेंट 204 वर्ग फीट कारपेट एरिया का है। सबसे बड़ा अपार्टमेंट 1,087 वर्ग फीट का है। सबसे सस्ता अपार्टमेंट कागल में है, जो कोल्हापुर जिले में है। इसकी कीमत 5 लाख रुपये है। इसका कारपेट एरिया 312 वर्ग फीट है।