बीते साल 7 बड़े शहरों में फ्लैट का एवरेज साइज 11% बढ़ा, Anarock ने जारी की रिपोर्ट

पिछले साल मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) और कोलकाता में एवरेज फ्लैट साइज कम हुआ है जबकि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR)-दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और चेन्नई में यह बढ़ गया है। एवरेज फ्लैट साइज 2019 में 1,050 वर्ग फुट, 2020 में 1,167 वर्ग फुट और 2021 में 1,170 वर्ग फुट था

अपडेटेड Jan 28, 2024 पर 5:32 PM
Story continues below Advertisement
बीते साल देश के सात बड़े शहरों में फ्लैट का एवरेज साइज 11 फीसदी बढ़ा है।

बीते साल देश के सात बड़े शहरों में फ्लैट का एवरेज साइज (Avg Flat Size) 11 फीसदी बढ़ा है। ऐसे में रियल एस्टेट कंपनियां कंज्यूमर्स की मांग को ध्यान में रखते हुए बड़े घरों का निर्माण कर रही हैं। रियल एस्टेट एडवाइजर एनारॉक (Anarock) ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। एनारॉक ने सात बड़े शहरों के प्राइमरी रेसिडेंशियल मार्केट में 2023 के दौरान घरों की फ्रेश सप्लाई का विश्लेषण किया है। आंकड़ों से पता चला है कि सात बड़े शहरों में एवरेज फ्लैट साइज पिछले साल बढ़कर 1,300 वर्ग फुट हो गया, जो 2022 में 1,175 वर्ग फुट था।

अलग-अलग शहरों का क्या है अपडेट

पिछले साल मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) और कोलकाता में एवरेज फ्लैट साइज कम हुआ है जबकि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR)-दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और चेन्नई में यह बढ़ गया है। एवरेज फ्लैट साइज 2019 में 1,050 वर्ग फुट, 2020 में 1,167 वर्ग फुट और 2021 में 1,170 वर्ग फुट था। एनारॉक के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा, “पिछले साल बड़े लक्जरी घरों की सप्लाई में अच्छी वृद्धि हुई। कुल नए प्रोजेक्ट्स में से करीब 23 फीसदी लक्जरी कैटेगरी में थीं।”


एनारॉक के चेयरमैन का बयान

अनुज पुरी ने कहा, “बड़े साइज के घरों की मांग कोविड-19 महामारी के कारण शुरू हुई थी, लेकिन तीन साल बाद भी इसके कम होने के कोई संकेत नहीं हैं। घर खरीदार के प्रेफरेंस में यह 'न्यू नॉर्मल' हो गया है, जिससे यह मांग काफी टिकाऊ लगती है।”

क्रिसुमी कॉरर्पोरेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर मोहित जैन ने कहा कि समाज का एस्पिरेशनल सेगमेंट ऐसे प्रीमियम घरों की मांग को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा, “यह ट्रेंड निकट भविष्य में भी जारी रह सकती है।”

अलग-अलग शहरों में कितना बढ़ा-घटा फ्लैट साइज

MMR में औसत फ्लैट साइज 2022 में 840 वर्ग फुट से पांच फीसदी घटकर 2023 में 794 वर्ग फुट रह गया। कोलकाता में औसत फ्लैट आकार 2022 में 1,150 वर्ग फुट से दो फीसदी घटकर 2023 में 1,124 वर्ग फुट रह गया।

दिल्ली-एनसीआर में औसत फ्लैट साइज 2022 के 1,375 वर्ग फुट से 37 प्रतिशत (सर्वाधिक) बढ़कर 2023 में 1,890 वर्ग फुट हो गया। हैदराबाद में औसत फ्लैट आकार सर्वाधिक है। यहां औसत फ्लैट आकार 2022 के 1,775 वर्ग फुट से 30 फीसदी बढ़कर 2023 में 2,300 वर्ग फुट हो गया।

बेंगलुरु में औसत फ्लैट आकार 2022 के 1,175 वर्ग फुट से 26 प्रतिशत बढ़कर 2023 में 1,484 वर्ग फुट हो गया। पुणे में औसत फ्लैट आकार 2022 के 980 वर्ग फुट से 11 प्रतिशत बढ़कर 2023 में 1,086 वर्ग फुट हो गया। चेन्नई में औसत फ्लैट आकार 2022 के 1,200 वर्ग फुट से पांच प्रतिशत बढ़कर 2023 में 1,260 वर्ग फुट हो गया।

Shubham Singh Thakur

Shubham Singh Thakur

First Published: Jan 28, 2024 5:32 PM

हिंदी में शेयर बाजारस्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंसऔर अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।