Lok Sabha Election 2024: राहुल गांधी की 'न्याय यात्रा' में शामिल हुए अखिलेश यादव, BJP पर बोला हमला

Lok Sabha Election 2024: समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर जारी गतिरोध दूर हो गया है। दोनों पार्टियों ने इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A. गठबंधन) के तहत प्रदेश में सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा कर दी है, जिसके तहत कांग्रेस रायबरेली और अमेठी सहित 17 सीट पर अपने प्रत्याशी उतारेगी

अपडेटेड Feb 25, 2024 पर 4:54 PM
Story continues below Advertisement
Lok Sabha Election 2024: राहुल गांधी की यात्रा में अखिलेश यादव आगरा में शामिल हुए

Lok Sabha Election 2024: समाजवादी पार्टी (SP) सुप्रीमो अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) रविवार (25 फरवरी) को उत्तर प्रदेश के आगरा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के रथ पर सवार थीं। बता दें कि अखिलेश यादव ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि वह कांग्रेस और सपा के बीच लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सीट-बंटवारे की घोषणा के बाद ही न्याय यात्रा में शामिल होंगे। समझौते के अनुसार देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और बाकी 63 सीटें एसपी एवं अन्य छोटे दलों के लिए छोड़ देगी।

न्याय यात्रा में शामिल समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "आगरा शहर दुनिया में जाना जाता है। मुझे इस बात की खुशी है कि ये मोहब्बत की दुकान को लेकर चले हैं और यह पूरा शहर मोहब्बत का शहर है...आने वाले समय में लोकतंत्र और संविधान को बचाने की चुनौती हैं...हमें उम्मीद है कि I.N.D.I.A. गठबंधन और PDA की लड़ाई NDA को हराने का काम करेगी।"

वहीं, सपा प्रमुख की मौजूदगी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "...अगर आप गरीब हैं तो आपके साथ 24 घंटे इस देश में अन्याय होगा... नफरत का कारण अन्याय है, इसलिए हमने अपने यात्रा में न्याय शब्द को जोड़ दिया है।" राहुल ने कहा कि देश में पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक वर्ग के करीब 88% लोग हैं। लेकिन देश की बड़ी-बड़ी कंपनियों के मैनेजमेंट में इस वर्ग के लोग नहीं मिलेंगे।


उन्होंने कहा कि ये लोग आपको मनरेगा, कांट्रैक्ट लेबर की लिस्ट में मिलेंगे। हमें यही बदलना है और यही सामाजिक न्याय का मतलब है। कांग्रेस नेता ने कहा कि I.N.D.I.A. गठबंधन का सबसे पहला काम 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान' खोलना है। नफरत को सिर्फ मोहब्बत से खत्म किया जा सकता है।

सपा-कांग्रेस में हुआ गठबंधन

बता दें कि सपा और कांग्रेस दोनों ने पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सीट बंटवारे की घोषणा की थी, जिसके तहत कांग्रेस 17 सीट पर चुनाव लड़ेगी। जबकि राज्य की बाकी 63 सीटों पर सपा और गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।

कांग्रेस उत्तर प्रदेश में रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, फतेहपुर सीकरी, बांसगांव, सहारनपुर, प्रयागराज, महराजगंज, वाराणसी, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी और देवरिया सहित 17 सीट पर चुनाव लड़ेगी।

सपा ने मध्य प्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने का इरादा जाहिर किया था जिसे कांग्रेस ने स्वीकार कर लिया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस गठबंधन को अंजाम तक पहुंचने में बहुत अहम भूमिका अदा की है।

हिंदी में शेयर बाजारस्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंसऔर अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।