लेन्सकार्ट (Lenskart) के को-फाउंडर पीयूष बंसल (Peyush Bansal) ने दिल्ली के नीति बाग में 18 करोड़ रुपये में एक घर खरीदा है। नीति बाग दिल्ली के सबसे महंगे इलाकों में से एक है। रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म CRE Matrix को मिले डॉक्युमेंट्स से पता चलता है कि बंसल के नाम पर सेल डीड 19 मई, 2023 को हुई थी। बंसल ने लेनदेन के लिए 1.08 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी का भुगतान किया है। पीयूष बंसल रियलिटी टीवी शो शार्क टैंक इंडिया के पैनल में जज भी हैं। डॉक्युमेंट्स के मुताबिक, बंसल ने जो एरिया खरीदा है वह 469.7 वर्ग मीटर या 5056 वर्ग फीट का है। संपत्ति का कुल कवर एरिया 939.4 वर्ग मीटर या 10,111.7 वर्ग फीट है और यह नीति बाग में 680 वर्ग मीटर के प्लॉट पर स्थित है।
बंसल ने यह बंगला सुरिंदर सिंह अटवाल से खरीदा है। उन्होंने रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी का बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर खरीदा है। डॉक्युमेंट्स से पता चला कि सर्कल रेट के मुताबिक संपत्ति की कीमत करीब 5.42 करोड़ रुपये है। पीयूष बंसल एंटरप्रेन्योर होने के साथ ही एंजल इन्वेस्टर भी हैं। उन्होंने लेन्सकार्ट को साल 2010 में अमित चौधरी के साथ मिलकर शुरू किया था। साल 2011 में उनके साथ सुमित कपाही भी जुड़ गए। लेन्सकार्ट की वर्तमान में वैल्यूएशन 4 अरब डॉलर से ज्यादा है।
इस साल की ये बड़ी खरीद भी चर्चा में
बंसल की यह घर खरीद, इस वर्ष दिल्ली में हुए बड़े सौदों में से एक है। इस साल मार्च में दिल्ली के गोल्फ लिंक्स में भारत के पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी की पत्नी वसुधा रोहतगी के नाम पर 2,160 वर्ग गज का बंगला 160 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। अगस्त में ग्लोबल डेंट ऐड्स की निदेशक रेनू खुल्लर ने दिल्ली के पॉश एरिया निज़ामुद्दीन ईस्ट में 873 वर्ग गज का एक बंगला 61.70 करोड़ रुपये में खरीदा था। ग्लोबल डेंटल ऐड्स इंटरडेंटल ब्रश (फ्लॉस के लिए एक तरह का विकल्प) बनाती है।