Weather Update: देशभर में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह में हल्की ठंड तो दिन में तेज धूप के बाद लोगों को सर्दी का एहसास कम होने लगा है। हालांकि शीतलहर बरकरार है। पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और यूपी में ठंड बढ़ गई है। शीतलहर के कारण लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यूपी समेत कई राज्यों में बारिश फिर से दस्तक दे सकती है। तापमान गिरावट के संकेत हैं। इस बीच मौसम विभाग का कहना है कि मध्य भारत में 10 से 13 फरवरी के बीच हल्की बारिश हो सकती है। इसी तरह पूर्वी भारत में 13 से 15 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज यानी शनिवार (10 फरवरी) को सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिली। अधिकतम तापमान 24 डिग्री तो न्यूनतम 6 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। 13 फरवरी के बाद दिल्ली में एक बार फिर मौसम बदलेगा और बारिश देखने को मिल सकती है। राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से 2 डिग्री कम है।
इन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, 10 फरवरी से 14 फरवरी को पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में हल्की बूंदाबादी हो सकती है। वहीं 10 और 11 फरवरी को महाराष्ट्र और ओडिशा में बारिश होगी। इसके अलावा 12 से 15 फरवरी को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में बारिश होने का अनुमान जताया गया है। वहीं 13 से 15 फरवरी के बीच पश्चिम बंगाल में बारिश हो सकती है। 10 फरवरी से 12 फरवरी के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में बिजली चमकने के साथ हल्की आंधी चल सकती है। इसके अलावा, 9 फरवरी को तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 12 और 13 फरवरी को तमिलनाडु में, 10 और 11 फरवरी को तेलंगाना में और 14 से 15 फरवरी के बीच केरल में हल्की बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों, उत्तरी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 4-8°C के बीच रहा। यह सामान्य से नीचे है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
दिल्ली में प्रदूषण का हाल
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (Central Pollution Control Board – CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 137 रहा जो ‘मध्यम’ श्रेणी में है। शून्य और 50 के बीच AQI को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।