Weather Update: उत्तर पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मौसम में फिर से बदलाव आ रहा है। मौसम विभाग (India Meteorological Department – IMD) के मुताबिक, आज यानी 21 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है। वहीं, उत्तर पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना है। कई क्षेत्रों में ओले भी गिर सकते हैं। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी आज (21 फरवरी 2024) को हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि बिहार, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ओले गिर सकते हैं। मौसम विभाग ने पंजाब के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। हरियाणा के करनाल, रोहतक, पंचकूला, सोनीपत, अंबाला, झज्जर, कैथल, कुरुक्षेत्र, जींद, पानीपत और झज्जर में तेज हवाओं के साथ-साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जानिए दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री रह सकता है। शहर में आज दिन भर बादल छाए रहेंगे। दिन में हल्की बूंदा-बांदी भी हो सकती है। 22 फरवरी को दिल्ली में बारिश की गतिविधियां देखने को नहीं मिलेंगी। लेकिन दिन भर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (Central Pollution Control Board – CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, वायु गुणवत्ता सूचकांक (Air Quality Index -AQI) सुबह 8 बजे 262 दर्ज किया गया है। यह खराब श्रेणी में आता है। शून्य और 50 के बीच एक एक्यूआई को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।
कश्मीर से लेकर शिमला और उत्तराखंड में बर्फबारी
देश के उत्तर और उत्तर-पश्चिम मैदानी हिस्सों के मौसम में बदलाव की मुख्य वजह उच्च पर्वतीय इलाके हैं। जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक में बारिश के साथ ही बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। श्रीनगर के साथ ही प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में जोरदार बर्फबारी हुई। इससे सैलानियों की आवाजाही बढ़ गई है। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में भी बर्फाबरी हुई है।