Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चलने लगी हैं। जिससे ठिठुरन महसूस हो रही है। बारिश के बाद राजधानी दिल्ली के मौसम में काफी सुधार देखने को मिला है। चटखदार धूप निकली हुई है। इसके बावजूद उत्तर पश्चिम दिशा से चलने वाली सर्द हवाओं की वजह से ठंड और बढ़ गई है। बुधवार को न्यूनतम तापमान एक डिग्री और लुढक कर 7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जबकि अधिकतम तापमान अभी भी 20 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली-NCR के तापमान में और गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, पश्चिम बंगाल के स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR में इस वक्त मौसम सुहाना बना हुआ है। दिन में धूप खिलने के बाद सर्दी भी कम होने लगी है. मौसम विभाग का कहना है कि आज यानी बुधवार (7 फरवरी) को - दिल्ली-NCR में आसमान साफ रहने की उम्मीद है। धूप खिलेगी। दिल्ली के कुछ इलाकों में घना कोहरा देखा गया। दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज हुआ जो कि सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 7 डिग्री रहा। बीते सोमवार के मुकाबले न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट आई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री रहा था।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
यूपी में अगले कुछ दिन सुबह और शाम को हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस गिरावट आ सकती है। वहीं अगले 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तराखंड के मैदानी इलाकों, उत्तरी राजस्थान और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 06-10°C के बीच रहा, जो सामान्य से नीचे है।