Weather Update: दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई इलाके कड़ाके की ठंड में ठिठुर रहे हैं। मैदानी इलाकों में पहाड़ों जैसे हालात हो गए हैं। मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक घना कोहरा और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। रविवार (14 जनवरी) को दिल्ली-एनसीआर में तीन डिग्री तक तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर भारत में सुबह के समय घने से घना कोहरा छाया रहने का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान शीतलहर से गंभीर शीतलहर के आसार हैं। इसके बाद ही इससे राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उतर प्रदेश में 15 जनवरी 2024 को कुछ स्थानों में ठंडे से गंभीर ठंडा दिन रह सकता है। आज (15 जनवरी) के लिए कोल्ड डे अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए भी कोल्ड डे अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब में भी ज्यादातर जगहों पर 15 और 16 जनवरी 2024 को कुछ हिस्सों में कड़क ठंड के आसार हैं।
कई ट्रेनें चल रही हैं देरी से
कोहरे का असर ट्रेनों पर देखने को मिल रहा है। कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है। कोहरे के कारण 18 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। फ्लाइट में भी देरी हो रही है। भीषण कोहरे की स्थिति के बीच, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। जिसमें यात्रियों से कहा गया है कि वो यात्रा से पहले एयरलाइंस से संपर्क करें। वहीं कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने कहा है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 16 जनवरी की सुबह तक बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में 16 जनवरी तक घने से घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है। उत्तरी राजस्थान में 18 जनवरी तक, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 15 जनवरी तक कोहरे का अलर्ट है।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की आशंका
बता दें कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। पश्चिमी हिमालयी इलाकों में 16 जनवरी से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने वाला है। जिससे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में 16 और 17 जनवरी, उत्तराखंड में 17 जनवरी को हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और नॉर्थईस्ट इंडिया में 16-18 जनवरी के दौरान हल्की बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में 17 जनवरी को ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है।