Train Running Late: मौजूदा समय में देश के कई इलाके हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना कर रहे हैं। ठंड की वजह से कोहरा भी घना हो रहा है। इस वजह से रेलवे (Indian Railways) की ट्रेनों का शेड्यूल बुरी तरह से बिगड़ गया है। आज (11 जनवरी 2024) को भारतीय रेल की दर्जनों ट्रेनें घंटों (Train Late) देरी से चल रही हैं। स्थिति यह है कि भुबनेश्वर से नई दिल्ली आने वाली प्रीमियम ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस 6 घंटे की देरी से चल रही है। खजुराहो से नई दिल्ली होते हुए कुरूक्षेत्र जाने वाली 11841 एक्सप्रेस 20 घंटे से भी ज्यादा देरी से चल रही है।
राजधानी दिल्ली की ओर आने वाली 24 ट्रेने अपने निर्धारत समय से देरी से चल रही हैं। राजधानी दिल्ली की ओर आने वाली ट्रेनों में 20 से 25 ट्रेनें रोजाना 8-9 घंटे तक देरी से चल रही हैं। कई बार तो ऐसा हुआ है कि सुबह दिल्ली पहुंचने वाली ट्रेन शाम को पहुंची है। वहीं कोहरे का असर फ्लाइट्स पर भी पड़ा है। कई विमान देरी से उड़ान भर रहे हैं।
ओडिशा की राजधानी भुबनेश्वर से टाटा, गोमो, गया, मुगलसराय, कानपुर हो कर नई दिल्ली आने वाली 22811, राजधानी एक्सप्रेस 6 घंटे देरी से चल रही है। यह ट्रेन सुबह 8.15 बजे प्रयागराज से पहले मांडा रोड से गुजरी थी। प्रयागराज में इसके छह घंटे 10 मिनट की देरी से पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हावड़ा से नई दिल्ली आने वाली 12301, राजधानी एक्सप्रेस सुबह 07.49 बजे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से 3 घंटे देरी से चल रही थी। डिब्रूगढ़ से गुवाहाटी होते हुए नई दिल्ली आने वाली 12423 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस भी अपने तय समय से 5 घंटे देरी से चल रही है। यह ट्रेन सुबह 08.13 बजे प्रयागराज से चली थी।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली/एनसीआर क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में कोल्ड डे को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। अगले चार से पांच दिनों तक सुबह और रात के वक़्त घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 5-10 डिग्री सेल्सियस के बीच इन दिनों रिकॉर्ड किया जा रहा है।