UP By Election 2022: मैनपुरी लोकसभा समेत रामपुर और खतौली का उपचुनाव में भी खत्म, जानें कितने प्रतिशत हुआ मतदान

UP By Election 2022 LIVE: मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव (Mainpuri Loksabha By-Election) में मुलायम सिंह यादव की बड़ी बहू और सपा मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव (Dimple Yadav) मैदान में हैं। वहीं, BJP की तरफ से रघुराज सिंह शाक्य चुनाव लड़ रहे हैं

अपडेटेड Dec 05, 2022 पर 6:26 PM
Story continues below Advertisement
UP By Election 2022 LIVE: मैनपुरी उपचुनाव में 3 बजे तक 40% से ज्यादा वोटिंग (FILE)

UP By Election 2022 LIVE: गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Election 2022) के दूसरे चरण की वोटिंग (Second Phase Voting) के साथ ही, उत्तर प्रदेश की मैनपुरी (Mainpuri) लोकसभा और रामपुर (Rampur) और खतौली (Khatauli) विधानसभा सीट के उपचुनाव (By-Election) भी खत्म हो गए हैं। इन उपचुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला रहा । बहुजन समाज पार्टी (BSP) और कांग्रेस (Congress) ने इन उपचुनाव में अपने उम्मीदवार नहीं उतारे थे।

राज्य निर्वाचन कार्यालय (Election Commission) से मिली जानकारी के मुताबिक, चुनाव आयोग के मुताबिक, सोमवार शाम 5 बजे तक मैनपुरी में करीब 51.89 प्रतिशत, खतौली में करीब 54.50 और रामपुर में लगभग 31.22 फीसद वोट पड़े। उपचुनाव का मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। उपचुनाव के नतीजों की घोषणा आठ दिसंबर को की जाएगी।

UP By Election 2022 LIVE Updates:


- चुनाव आयोग के मुताबिक, सोमवार शाम 5 बजे तक मैनपुरी में करीब 51.89 प्रतिशत, खतौली में करीब 54.50 और रामपुर में लगभग 31.22 फीसद वोट पड़े।

- Mainpuri ByElection LIVE: उत्तर प्रदेश: मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में शाम 3 बजे तक 44.13 फीसदी मतदान हुआ।

- By Election LIVE: शाम 3 बजे तक कुरहानी (बिहार) में 48%, पदमपुर (ओडिशा) में 65.28%, सरदाशहर (राजस्थान) में 54.95%, रामपुर (यूपी) में 26.32%, खतौली में 40.20% और भानुप्रतापपुर (छत्तीसगढ़) में 64.86% मतदान हुआ है।

- Mainpuri ByElection LIVE: इटावा के DM अवनीश राय ने कहा कि चुनाव को लेकर जो सभी शिकायतें आईं हमने उन्हें देखा और किसी भी शिकायत में सत्यता नहीं मिली है। पूरे लोकसभा क्षेत्र में लगभग 33% मतदान हुआ है। हमें उम्मीद है कि शाम 6 बजे तक शांतिपूर्वक और निष्पक्ष रूप से मतदान खत्म होगा।

- Mainpuri ByElection LIVE: उत्तर प्रदेश: मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में दोपहर 1 बजे तक 31.64 फीसदी मतदान हुआ।

- By Election LIVE: दोपहर 1 बजे तक कुरहानी (बिहार) में 37%, पदमपुर (ओडिशा) में 46.96%, सरदाशहर (राजस्थान) में 36.68%, रामपुर (यूपी) में 19.01%, खतौली में 33.20% और भानुप्रतापपुर (छत्तीसगढ़) में 50.83% मतदान हुआ है।

- मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव ने कहा कि मैं समझती हूं कि समाजवादी पार्टी मैनपुरी उपचुनाव अच्छे वोटों से जीत रही है। लोग इस बात को समझ रहे हैं कि BJP गलत तरीके से चुनाव लड़ रही है और चुनाव परिणाम आने के बाद उन्हें इसका जवाब मिलेगा।

समाजवादी पार्टी ने कई जगहों पर मतदान के दौरान धांधली का आरोप लगाया है। पार्टी ने सिलसिलेवार ट्वीट कर चुनाव आयोग (EC) से शिकायत की है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने पुलिस और प्रशासन पर मैनपुरी लोकसभा (Mainpuri Loksabha) और रामपुर विधानसभा (Rampur Assembly) उपचुनाव के दौरान मतदाताओं को वोट डालने से रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग इससे जुड़ी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है।

यादव ने मैनपुरी में मीडिया से बातचीत में कहा, "आखिर पुलिस को क्या हिदायत दी गई है? उनसे कहा गया है कि मैनपुरी में लोगों को मतदान से रोकें। रामपुर में भी प्रशासन लोगों को वोट नहीं डालने दे रहा। हर हथकंडा अपनाया जा रहा है, ताकि लोग वोट डालने के लिए बाहर ही न निकलें। बीजेपी को पूरी छूट दी गई है। वे शराब बांट रहे हैं और SP को नुकसान पहुंचाने के लिए हर तरीका अपना रहे हैं।"

SP अध्यक्ष ने आरोप लगाया, "मैनपुरी के जिलाधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं और उन्होंने अपना फोन किसी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को दे रखा है। आखिर कोई अधिकारी ऐसा कैसे कर सकता है। खासकर तब, जब चुनाव हो रहा हो।"

Gujarat Election 2022 Second Phase Voting LIVE Updates

उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग को कुछ दिखायी ही नहीं दे रहा है। वह हमारी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है। वे वही कर रहे हैं जो सरकार ने उनसे कहा है।"

सपा की तरफ से लगाए गए आरोपों के बारे में पूछे जाने पर बीजेपी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा के तमाम इल्जाम झूठे हैं और उसे तीनों ही सीटों पर पराजय का सामना करना पड़ेगा।

उधर, बीजेपी ने भी मैनपुरी में सपा पर मतदान को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए कई ट्वीट किए। पार्टी ने मैनपुरी विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या 370 पर सपा के पक्ष में जबरन मतदान कराए जाने और कई दूसरे केंद्रों पर मतदान को प्रभावित करने के भी आरोप लगाए।

किस सीट पर कौन उम्मीदवार?

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में मुलायम सिंह यादव की बड़ी बहू और सपा मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव (Dimple Yadav) मैदान में हैं। वहीं, BJP की तरफ से रघुराज सिंह शाक्य चुनाव लड़ रहे हैं।

शाक्य कभी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के मुखिया और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव के करीबी सहयोगी थे। इस साल के शुरू में उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले BJP का दामन थाम लिया था।

रामपुर सदर सीट पर आजम खां के करीबी आसिम राजा को सपा का प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि BJP ने पूर्व विधायक शिव बहादुर सक्सेना के बेटे आकाश सक्सेना को एक बार फिर चुनाव मैदान में उतारा है।

खतौली सीट पर निवर्तमान विधायक विक्रम सिंह सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी BJP उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं, जबकि सपा के सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (RLD) ने मदन भैया को प्रत्याशी बनाया है।

मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट

मैनपुरी लोकसभा सीट सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के निधन के कारण खाली हुई है। वहीं, रामपुर सदर विधानसभा सीट आजम खान (Azam Khan) को नफरत भरा भाषण देने के मामले में तीन साल की सजा सुनाए जाने और खतौली सीट BJP विधायक विक्रम सिंह सैनी को मुजफ्फरनगर दंगों से जुड़े एक मामले में दो साल की सजा सुनाए जाने के कारण उनकी सदस्यता रद्द होने के चलते खाली हुई है।

मैनपुरी लोकसभा और रामपुर सदर विधानसभा क्षेत्र अरसे से समाजवादी पार्टी के गढ़ रहे हैं। लिहाजा उसके लिए यह उपचुनाव दूरगामी संदेश लेकर आएंगे।

हालांकि, इन उपचुनावों का केंद्र और प्रदेश की बीजेपी सरकारों पर कोई असर नहीं होगा, क्योंकि दोनों ही जगह बीजेपी के पास पूर्ण बहुमत से ज्यादा का संख्या बल है। मगर इन उपचुनाव में हार-जीत का मनोवैज्ञानिक असर 2024 के लोकसभा चुनाव पर पड़ सकता है।

चुनाव आयोग के मुताबिक, मैनपुरी में जहां छह उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, रामपुर में सदर में 10 और खतौली में 14 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

Shubham Sharma

Shubham Sharma

First Published: Dec 05, 2022 1:22 PM

हिंदी में शेयर बाजारस्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंसऔर अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।