Lok Sabha Election 2024: दिल्ली में AAP और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारा हुआ फाइनल! 22 फरवरी को होगा ऐलान

Lok Sabha Election 2024: आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच लोकसभा चुनावों को लेकर सीट बंटवारा लगभग तय हो गया है। सूत्रों की मानें तो गुरुवार यानी 22 फरवरी को आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर आधिकारिक ऐलान हो जाएगा

अपडेटेड Feb 21, 2024 पर 4:41 PM
Story continues below Advertisement
Lok Sabha Election 2024: दोनों पार्टियों के बीच पंजाब में सीट बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन रही है

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव से पहले बिखरती दिख रही I.N.D.I.A. गठबंधन के दलों के बीच सीट बंटवारा अब धीरे-धीरे फाइनल होने लगा है। विपक्षी दलों के नेता आपस में बैठकर विवाद सुलझा रहे हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच लोकसभा चुनावों को लेकर सीट बंटवारा लगभग तय हो गया है। सूत्रों की मानें तो गुरुवार यानी 22 फरवरी को आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर आधिकारिक ऐलान हो जाएगा। हालांकि दोनों पार्टियों के बीच पंजाब में सीट बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन रही है।

आम आदमी पार्टी दिल्ली की कुल 7 लोकसभा सीटों में से सिर्फ 1 सीट कांग्रेस को देना चाहती है। AAP के सीनियर नेता और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने हाल ही में कहा था कि कांग्रेस सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत में उत्साह नहीं दिखा रही है।

हालांकि, आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार (20 फरवरी) को कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में गठबंधन के लिए कांग्रेस के साथ बातचीत अंतिम चरण में है और जल्द ही गठबंधन की घोषणा की जाएगी। केजरीवाल ने प्रेसवार्ता में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए पंजाब में AAP के अकेले आम चुनाव लड़ने के फैसले पर पार्टी द्वारा पुनर्विचार करने की संभावना को खारिज कर दिया।


AAP और कांग्रेस विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. में शामिल हैं। फिलहाल दोनों पार्टियां दिल्ली और अन्य राज्यों में सीट-बंटवारे के फॉर्मूले पर चर्चा कर रहे हैं। दिल्ली में कांग्रेस के साथ AAP के गठबंधन की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर केजरीवाल ने कहा कि कई दौर की चर्चा हो चुकी है और चीजें अंतिम चरण में हैं।

उन्होंने कहा, "उनके (कांग्रेस) साथ गठबंधन की घोषणा बहुत जल्द की जाएगी।" उन्होंने पत्रकारों से कहा कि अन्य राज्यों के लिए भी कई दौर की चर्चा हो चुकी है और बातचीत अंतिम चरण में है।

सपा-कांग्रेस में भी हुआ समझौता

समाजवादी पार्टी (SP) अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि उत्‍तर प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर सपा का कांग्रेस से कोई विवाद नहीं है और दोनों दलों के बीच गठबंधन होगा। सपा प्रमुख ने मुरादाबाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्‍याय यात्रा' में शामिल नहीं होने के एक सवाल पर कहा, ''अंत भला तो सब भला। बाकी आप लोग समझदार हैं।'' इस सवाल पर कि कांग्रेस के साथ गठबंधन होगा या नहीं, अखिलेश ने कहा, ''होगा।'' कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर विवाद होने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, ''कोई विवाद नहीं है। आपके सामने सब चीजें साफ हो जाएंगी।''

हिंदी में शेयर बाजारस्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंसऔर अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।