Himachal Pradesh CM Oath: सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhvinder Singh Sukhu) ने रविवार को शिमला (Shimla) में हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के 15वें मुख्यमंत्री (Chief Minister) के रूप में शपथ ली। दो दिन पहले कांग्रेस ने 68 सदस्यीय विधानसभा में 40 सीटें जीतकर बीजेपी (BJP) से सत्ता छीन ली थी। नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह (swearing-in ceremony) में कांग्रेस (Congress) अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge), पार्टी नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और AICC महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) समेत भारत की सबसे पुरानी पार्टी के कई दूसरे शीर्ष नेता भी शामिल हुए। साथ ही मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri) ने हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।
शपथ लेने के बाद हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, "हम पहली कैबिनेट बैठक में जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करेंगे। पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी...पहले लोग कहते थे कि कांग्रेस किसी भी राज्य में सत्ता में नहीं आएगी, लेकिन आज हमने BJP का रथ रोक दिया है।"
वहीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने शिमला में कहा, "हमने जो भी वादा किया है, उसे जल्द से जल्द पूरा करना चाहते हैं।"
कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू चार बार विधायक रहे हैं। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में खुले आसमान के नीचे एक समारोह में 58 साल के सुक्खू को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
निवर्तमान विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे मुकेश अग्निहोत्री ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी इस समारोह में शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और वरिष्ठ नेता सचिन पायलट भी शपथग्रहण समारोह में मौजूद रहे।
बस ड्राइवर का बेटा, जिसने बेचा दूध
एक बस ड्राइवर के बेटे, एसएस सुक्खू के जीवन की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। वह अपने शुरुआती दिनों में छोटा शिमला में दूध का काउंटर चलाते थे।
रैंक के जरिए बढ़ते हुए, सुक्खू पार्टी के एक अथक सेनानी रहे हैं। 2013 से 2019 तक रिकॉर्ड छह साल तक पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष बने रहे, जबकि छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह के साथ अक्सर अनबन होती रही।
हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी की तरफ से BJP से सत्ता छीन लेने के बाद पुरानी प्रतिद्वंद्विता फिर से सामने आ गई, जब एसएस सुक्खू और प्रतिभा सिंह दोनों ने मुख्यमंत्री पद के लिए दावा पेश किया।
सुखविंदर सिंह सुक्खू निचले हिमाचल के पहले कांग्रेसी नेता हैं, जो इस शीर्ष पद पर पहुंचे हैं। निचले हिमाचल में 1966 में हिमाचल में विलय किए गए क्षेत्र जैसे नालागढ़, ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा और कुल्लू की निचली पहाड़ी शामिल हैं। बीजेपी के प्रेम कुमार धूमल के बाद वे हमीरपुर जिले से आने वाले दूसरे मुख्यमंत्री हैं।