Himachal Pradesh Political Crisis: हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhvinder Singh Sukhu) की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 6 विधायकों द्वारा भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के बाद हिमाचल प्रदेश में मंगलवार से राजनीतिक असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सूत्रों ने बताया कि कुछ विधायकों ने मुख्यमंत्री पद के लिए डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री का नाम आगे किया है। एक सूत्र ने बताया कि एक दर्जन से ज्यादा विधायक सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से नाराज हैं। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान के सामने अपनी नाराजगी जाहिर कर दी है। सूत्रों ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को बदलने की मांग की है।
BJP नेताओं ने की राज्यपाल से मुलाकात
हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एकमात्र सीट जीतने के एक दिन बाद बुधवार को जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक दल के सदस्यों ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मुलाकात की। यह बैठक बीजेपी द्वारा राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने की अटकलों के बीच हो रही है। बीजेपी ने दवा किया कि कांग्रेस सरकार सदन में बहुमत खो चुकी है।
ठाकुर ने राज्यपाल से मिलने से पहले पत्रकारों से कहा कि हम राज्यपाल को स्थिति से अवगत कराने के लिए यहां आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब बीजेपी सदस्य अपना विरोध दर्ज कराने के लिए स्पीकर के कक्ष की ओर जा रहे थे तो मार्शल ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और मारपीट की।
बहुमत के बावजूद हार गई कांग्रेस
राज्य विधानसभा की 68 सीट में कांग्रेस के पास 40 और बीजेपी के पास 25 सीट हैं। बाकी 3 सीट पर निर्दलीयों का कब्जा है। बीजेपी के उम्मीदवार हर्ष महाजन ने कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी को हराकर राज्यसभा सीट जीत ली। कांग्रेस और बीजेपी दोनों उम्मीदवारों को 34 मत मिले जिससे संकेत मिलते हैं कि कांग्रेस के 6 विधायकों और तीनों निर्दलीयों ने पार्टी के खिलाफ मतदान किया। इसके बाद 'ड्रॉ' जरिए परिणाम घोषित किए गए।
हुड्डा-शिवकुमार पर्यवेक्षक नियुक्त
हिमाचल प्रदेश में अंसतुष्ट विधायकों को मनाने के लिए कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व सक्रिय हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नाराज विधायकों से बातचीत करने के लिए वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और डी के शिवकुमार को नियुक्त किया है। ऐसा माना जाता है कि ये 6 विधायक हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यशैली से निराश हैं और उन्हें हटाने की मांग कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री शिवकुमार राज्य में कांग्रेस सरकार के अस्तित्व पर खतरा मंडराने के बीच हालात का जायजा लेने के लिए बुधवार सुबह शिमला पहुंचेंगे।
सीएम का आरोप- विधायकों को 'अगवा' किया गया
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस के पांच से छह विधायकों को अगवा कर लिया गया। सीएम ने दावा किया कि उन्हें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) तथा हरियाणा पुलिस के काफिले में साथ ले जाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इन विधायकों के परिजन उनसे (विधायकों से) संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। 'क्रॉस वोटिंग' (पार्टी व्हिप से हटकर मतदान करने) को लेकर सत्तारूढ़ कांग्रेस में जारी चिंताओं के बीच राज्य से राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए मतदान समाप्त होने के कुछ घंटे बाद यह आरोप लगाया गया है।