Credit Cards

BJP ने हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए जारी की 62 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, 11 विधायकों का कटा टिकट

हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। जबकि मतगणना 8 दिसंबर को होगी। राज्य में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है

अपडेटेड Oct 19, 2022 पर 11:40 AM
Story continues below Advertisement
BJP ने इस बार के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को टिकट नहीं दिया है

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार को 62 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सिराज विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर चुनाव लड़ेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुख राम के बेटे अनिल शर्मा को BJP ने मंडी से उम्मीदवार बनाया है।

बुधवार सुबह जारी 62 उम्मीदवारों की सूची में पांच महिलाओं को भी टिकट दिया गया है। पार्टी ने 11 मौजूदा विधायकों के टिकट भी काटे हैं। बीजेपी नेताओं ने बताया कि अगले दो दिनों के भीतर पार्टी शेष बची छह सीटों पर भी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर देगी। बता दें कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा में 68 सीटें हैं।

प्रेम कुमार धूमल को नहीं मिला टिकट 


बीजेपी ने इस बार के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को टिकट नहीं दिया है। पार्टी ने उनकी जगह सुजानपुर सीट से कैप्टन (सेवानिवृत्त) रणजीत सिंह को उम्मीदवार बनाया है।

पिछले विधानसभा चुनाव में धूमल को इस सीट पर कांग्रेस के कद्दावर नेता माने जाने वाले राजेन्द्र राणा ने पराजित किया था। धूमल की हार के बाद बीजेपी ने जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया था।

बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती एक बार फिर ऊना से भाग्य आजमाएंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें कांग्रेस के सतपाल सिंह रायजादा ने हराया था। भारतीय जनता पार्टी की नवगठित केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की पहली बैठक में मंगलवार को इन उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई गई।

ये भी पढ़ें- Congress President Result Live: वोटों की गिनती शुरू, कांग्रेस को आज 24 साल बाद मिलेगा गैर-गांधी अध्यक्ष

इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, संगठन महामंत्री बी एल संतोष, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा सहित केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) के सभी सदस्य शामिल हुए।

सीईसी के अन्य सदस्यों में पूर्व सांसद सत्यनारायण जटिया, केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनावाल, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, वरिष्ठ नेता ओम माथुर, राज्यसभा सदस्य के लक्ष्मण, इकबाल सिंह लालपुरा और सुधा यादव शामिल हैं। इनके अलावा बैठक में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और हिमाचल बीजेपी के अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी शामिल हुए।

हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। जबकि मतगणना 8 दिसंबर को होगी। राज्य विधानसभा में बीजेपी के अभी 43 जबकि कांग्रेस के 22 सदस्य हैं। सदन में दो निर्दलीय सदस्य और माकपा का एक सदस्य है। राज्य में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। आम आदमी पार्टी (आप) भी यहां अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए प्रयासरत है।

कांग्रेस ने भी जारी की 46 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

चुनाव की अधिसूचना मंगलवार को जारी की गई। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर है। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर है। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 46 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।

पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह और विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ नेता आशा कुमारी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को फिर से चुनाव मैदान में उतारा है।

हिंदी में शेयर बाजारस्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंसऔर अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।