Gujarat Elections 2022: आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार (AAP Gujarat CM Face) के नाम की घोषणा कर दी है। गुजरात में इसुदान गढ़वी (Isudan Gadhvi) आम आदमी पार्टी के सीएम कैंडिडेट होंगे। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने शुक्रवार को सीएम चेहरे का ऐलान किया। पार्टी ने पंजाब की तर्ज पर गुजरात के लोगों से इसे लेकर राय मांगी थी कि गुजरात का मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए। इस पर लोगों की राय के बाद अब नाम की घोषणा कर दी है। AAP के सीएम फेस के चेहरे की दौड़ में राज्य इकाई के अध्यक्ष गोपाल इटालिया, राष्ट्रीय महासचिव इसुदान गढ़वी और महासचिव मनोज सोरठिया शामिल थे।
गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में 1 और 5 दिसंबर को मतदान होगा। मतों की गिनती 8 दिसंबर को होगी। इस पश्चिमी प्रदेश की कुल 182 सदस्यीय विधानसभा के लिए पहले चरण में 89 सीटों पर और दूसरे चरण में 93 सीटों पर मतदान होगा। बीजेपी ने गुजरात में पिछले छह विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की है।
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 99 सीट जीती थीं जबकि कांग्रेस को 77 सीट मिली थीं। प्रतिशत के लिहाज से देखा जाए तो उस चुनाव में बीजेपी को 49.05 प्रतिशत मत मिले थे, जबकि कांग्रेस को 42.97 प्रतिशत मत मिले थे।
पिछले विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के कई विधायक बीजेपी में शामिल हो गए। इस वजह से विधानसभा में भगवा पार्टी के सदस्यों की संख्या बढ़कर 111 हो गई। जबकि कांग्रेस के सदस्यों की संख्या घटकर 62 पर पहुंच गई।
इस बार के विधानसभा चुनाव में दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी भी अपना दमखम दिखाने जा रही है। पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अब तक दर्जनों बार वहां का दौरा कर चुके हैं। आम आदमी पार्टी के गुजरात में एंट्री ने इस चुनाव को रोचक बना दिया है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 1995 से वहां अपनी निर्बाध जीत का सिलसिला जारी रखना चाहती है।
वहीं, मुख्य विपक्षी कांग्रेस अपने प्रचार अभियान को धार देने में जुटी हुई है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी पार्टी के चुनाव अभियान की कमान संभाले हुए हैं। वह लगातार रैलियां कर रहे हैं और छोटी-छोटी बैठकें कर रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पार्टी के नेता राघव चड्ढा भी चुनाव प्रचार में अपनी ताकत झोंक रहे हैं।