Gujarat Election Result: गुजरात की इस सीट पर मिलते हैं कांग्रेस को सबसे अधिक वोट, 1975 से अबतक नहीं जीत पाई है BJP

Danilimda Assembly: अहमदाबाद जिले की दाणीलीमडा विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने अपना दबदबा बरकरार रखा है। पिछले 5 चुनावों से कांग्रेस को गुजरात की सभी 182 सीटों में सबसे अधिक वोट इसी सीट पर मिले हैं और बीजेपी 1975 से इस सीट पर अबतक जीत नहीं पाई है

अपडेटेड Dec 08, 2022 पर 3:56 PM
Story continues below Advertisement
Gujarat Election Result: दाणीलीमडा विधानसभा 1975 से कांग्रेस का गढ़ बनी हुई है

Gujarat Danilimda Vidhansabha Result: गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस (Congress) करारी हार की ओर है। पार्टी के खाते में मुश्किल से 15 सीटें जाती हुई दिख रही हैं। हालांकि अहमदाबाद जिले की दाणीलीमडा विधानसभा (Danilimda Assembly) पर कांग्रेस ने एक बार फिर अपना परचम लहरा दिया है। कांग्रेस को पिछले 5 चुनावों से लगातार गुजरात की सभी 182 सीटों में सबसे अधिक वोट इसी सीट पर मिले हैं। इन चुनावों में साल 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों के अलावा 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव भी शामिल हैं। इतना ही नहीं, इस सीट पर साल 1975 से कांग्रेस का दबदबा है और बीजेपी (BJP) आज तक इस सीट पर जीत नहीं पाई है।

इस कारण से इस सीट को कांग्रेस के गढ़ के रूप में देखा जाता है। बीजेपी गुजरात में अपनी सबसे बड़ी जीत में से एक हासिल करने के बावजूद इस बार भी कांग्रेस के इस गढ़ में सेंध नहीं लगा पाई है।

कांग्रेस 44.2% वोटों के साथ आगे

इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, दोपहर 3 बजे तक कांग्रेस उम्मीदवार शैलेष मनुभाई परमार (Shailesh Manubhai Parmar) 69,130 वोट पाकर सबसे आगे चल रहे थे। वहीं बीजेपी के नरेशभाई शंकरभाई व्यास 55,643 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर थे।


कांग्रेस उम्मीदवार शैलेष परमार तीसरी जीत की ओर

इससे पहले 2017 में भी कांग्रेस उम्मीद शैलेष परमार ने इस सीट पर 32,510 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। वहीं साल 2012 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के शैलष परमार ही उम्मीदवार थे और उन्होंने 14,301 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। इस बार भी कांग्रेस अपने इस गढ़ को बचाने में सफल रही है।

यह भी पढ़ें- Gujarat Result: गुजरात में बड़ी जीत का दावा करने वाली AAP की बुरी हार, CM फेस इसुदान गढ़वी सहित कई दिग्गज नेता हारे

इसलिए कांग्रेस को है इस सीट पर बढ़त

दाणीलीमडा विधानसभा, अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है। यहां करीब 22 फीसदी अनुसूचित जाति के वोटर हैं। साथ ही करीब यहां की करीब 60 फीसदी आबादी लघुपति समाज की है, जिनका पारंपरिक तौर पर झुकाव कांग्रेस की ओर रहा है। यहीं कारण है कि इस सीट पर बीजेपी के लिए चुनाव जीतना अभी तक टेढ़ी खीर बना हुआ है।

बीजेपी प्रचंड जीत की ओर

गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। चुनाव आयोग के अनुसार, गुजरात में BJP 22 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। जबकि 132 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस 2 सीट पर जीत दर्ज कर चुकी और 16 सीटों पर आगे चल रही है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी 1, निर्दलीय 2 और AAP 5 सीटों पर आगे चल रही है। फिलहाल, मतगणना जारी है।

Moneycontrol News

Moneycontrol News

First Published: Dec 08, 2022 3:03 PM

हिंदी में शेयर बाजारस्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंसऔर अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।