पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार रहे भगवंत मान प्रचंड जीत के बाद अब 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले 13 मार्च को पार्टी प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ भगवंत मान अमृतसर में रोड शो करेंगे। भगवंत मान ने शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की और इसके बाद शपथग्रहण के बारे में जानकारी दी।
समचार एजेंसी एएनआई के मतुाबिक, आम आदमी पार्टी के पंजाब के CM उम्मीदवार भगवंत मान 16 मार्च को शपथ लेंगे। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह के लिए दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल को आमंत्रित किया है। वे दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल के साथ 13 मार्च को अमृतसर में रोड शो भी करेंगे। भगवंत मान ने नई दिल्ली में पार्टी प्रमुख केजरीवाल से मुलाकात की और पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
मान ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह नवांशहर जिले के महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां में होगा। पार्टी की शानदार चुनावी जीत पर मान ने कहा कि लोगों ने अभिमानी लोगों को हराया और उन्होंने आम लोगों को विजयी बनाया। आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मान ने धूरी सीट से 58,206 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की है।
पंजाब में आम आदमी पार्टी विधानसभा की 117 में से 92 सीटों पर जीत दर्ज की है। आप ने कांग्रेस तथा शिरोमणि अकाली दल-बसपा गठबंधन को काफी पीछे छोड़ दिया। इस चुनाव में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के कद्दावर नेता प्रकाश सिंह बादल, उनके बेटे सुखबीर सिंह बादल, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू जैसे बड़े नेता को शिकस्त का सामना करना पड़ा।
आप ने जहां राज्य में तीन चौथाई सीटों पर जीत हासिल की है, वहीं कांग्रेस को 18, शिअद को 3, बीजेपी को दो और बहुजन समाज पार्टी को 1 सीट से संतोष करना पड़ा है। एक निर्दलीय प्रत्याशी ने भी चुनाव जीता है। आप अब दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार के बाद देश के एक और राज्य में सरकार बनाएगी।