आईफोन बनाने वाली ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन (Foxconn) भारत में जल्द ही इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने जा रही है। इसे लेकर भारतीय प्रतिनिधिमंडल वर्तमान में ताइवान में है और कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरर फॉक्सकॉन के अधिकारियों के साथ बातचीत कर रही है। यह जानकारी आज 17 जून को इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में दी गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि भारतीय अधिकारी लिथियम, निकल, मैंगनीज और कोबाल्ट जैसे खनिजों के संभावित भंडार की खोज को लेकर भारत के प्रयासों के बारे में भी फॉक्सकॉन को अपडेट देंगे।
ये सभी मिनरल इलेक्ट्रिक व्हीकल के प्रोडक्शन के लिए काफी अहम हैं। हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में यह संकेत दिया गया था कि फॉक्सकॉन इस साल भारत की EV मैन्युफैक्चरिंग मार्केट में एंट्री कर सकती है। सरकार इको-फ्रेंडली ट्रांसपोर्टेशन पर काफी समय से जोर दे रही है। जिसके चलते यह डील अहम है। पिछले साल फॉक्सकॉन के टॉप ऑफिसर्स की यात्रा के दौरान, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के अधिकारियों ने ईवी निर्माण योजनाओं के बारे में चर्चा की थी।
जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया ने फरवरी में जम्मू और कश्मीर के रियासी जिले में 5.9 मिलियन टन लिथियम की खोज का खुलासा किया। वेदांता और फॉक्सकॉन ने फरवरी 2022 में भारत में सेमीकंडक्टर बनाने के लिए एक ज्वाइंट वेंचर की घोषणा की है।