तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) और उनकी पत्नी शोभा ने गुरुवार को सिद्दीपेट जिले के चिनरामाडाका गांव में मतदान किया। मुख्यमंत्री ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए 28 नवंबर तक चले प्रचार अभियान के दौरान भारत राष्ट्र समिति (BRS) के लिए 96 जनसभाओं को संबोधित किया। इससे पहले प्रदेश BJP अध्यक्ष जी किशन रेड्डी, BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव, उनकी बहन और विधान परिषद सदस्य के. कविता, AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी सुबह 7 बजे शुरू हुए मतदान में सबसे पहले अपने मताधिकार का उपयोग करने वाले नेताओं में शामिल रहे।
राज्य की 106 विधानसभाओं में मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। वहीं, वामपंथी उग्रवाद प्रभावित 13 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शाम 4 बजे समाप्त हो जाएगा। तेलंगाना की 119 सदस्यीय विधानसभा के लिए हो रहे चुनाव में गुरुवार को दोपहर तीन बजे तक 51.89 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं को कतारों में खड़े देखा गया। चुनाव में मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव, उनके मंत्री बेटे के. टी. रामाराव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी और बीजेपी के लोकसभा सदस्यों- बंडी संजय कुमार तथा डी. अरविंद समेत करीब 2,290 उम्मीदवार मैदान में हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज ने बताया कि एक या दो जगहों पर छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शहरी इलाकों में अब तक कम रहा मतदान प्रतिशत शाम तक बढ़ सकता है। मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव और उनकी पत्नी के. शोभा ने सिद्दीपेट में चिनरामाडाका गांव में मतदान किया।
केंद्रीय मंत्री और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी, भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव, उनकी बहन और विधान पार्षद के. कविता, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के बाद शुरुआती घंटों में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
इसके अलावा मेगास्टार चिरंजीवी, वेंकटेश और अल्लू अर्जुन सहित कई फिल्मी हस्तियों ने भी सुबह मतदान किया। सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति ने राज्य की सभी 119 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं, बीजेपी और उसकी सहयोगी जनसेना क्रमश: 111 और आठ सीट पर किस्मत आजमा रही हैं। जबकि, कांग्रेस ने 118 सीट पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं और एक सीट भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) को दी है। ओवैसी की पार्टी ने हैदराबाद की 9 विधानसभाओं में अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं।