Telangana Assembly Election 2023 Voting: तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मतदान जारी है। राज्य में कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (BJP) और सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (BRS) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। विधानसभा के लिए 119 सदस्यों को चुनने के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ। तेलंगाना में सुबह 9 बजे तक 8.52 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। राज्य में BRS लगातार तीसरी बार सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है। जबकि कांग्रेस और BJP ने सत्ता में आने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है।
पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और BRS सुप्रीमो के चंद्रशेखर राव सहित शीर्ष राष्ट्रीय नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रचार किया। पांच राज्यों के रिजल्ट रविवार को घोषित किए जाएंगे।
जनगांव में आपस में भीड़े BRS-BJP कार्यकर्ता
इस बीच, BRS और बीजेपी के कार्यकर्ता जनगांव में आपस में भीड़ गए। मतदान केंद्र 244 पर बीआरएस और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है। इसके अलावा बीआरएस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच भी हाथापाई होने की खबरें सामने आ रही हैं। यह घटनाएं इब्राहिमपटनम के खानापुर और निजामाबाद के बोधन में विजयमारी पोलिंग बूथ पर हुई। पुलिस फिलहाल भीड़ पर काबू पाने की कोशिश कर रही है।
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, भारत राष्ट्र समिति (BRS) की विधान परिषद सदस्य (MLC) के. कविता, अभिनेता अल्लू अर्जुन, जूनियर एनटीआर और चिरंजीवी सहित अन्य दिग्गजों ने गुरुवार सुबह तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए हो रहे मतदान में सबसे पहले भाग लेने वाले प्रमुख लोगों में शामिल रहे। रेड्डी ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ यहां काचीगुडा में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
भारत के लोकतंत्र की सराहना करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष रेड्डी ने कहा कि मतदान की जिम्मेदारी पूरी किए बिना किसी को राजनीतिक व्यवस्था की आलोचना करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने मतदाताओं से निडर होकर किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मतदान करने का आग्रह किया।
बंजारा हिल्स में मतदान करने के बाद बीआरएस प्रमुख और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी कविता ने लोगों से बड़ी संख्या में बाहर आने और अपने मत का प्रयोग करने की अपील की। BRS नेता के.टी. रामाराव और उनकी पत्नी शैलिमा बंजारा हिल्स के नंदी नगर स्थित एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।
कांग्रेस ने किया जीत का दावा
अभिनेता वेंकटेश दग्गुबाती ने रंगा रेड्डी जिले के राजेंद्रनगर निर्वाचन क्षेत्र में हैदराबाद प्रेसीडेंसी डिग्री और पीजी कॉलेज, मणिकोंडा में मतदान किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए कोडंगल के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।
रेवंत रेड्डी ने कहा कि मुझे कुछ कहने की जरूरत नहीं है। आप जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी कैसा प्रदर्शन कर रही है। भारत जोड़ो यात्रा के बाद हमने हर मुद्दे पर रणनीति बनाई... लोगों ने यहां कांग्रेस सरकार बनाने का फैसला कर लिया है। तेलंगाना में 'अच्छे दिन' आने वाले हैं, 'दुराला सरकार' जाएगी और तेलंगाना में 'प्रजला सरकार' बनेगी।