MP-CG Assembly Elections 2023 Voting: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में शुक्रवार को 70 सीट के लिए हो रहे दूसरे और अंतिम चरण के मतदान में सुबह 11 बजे तक लगभग 20 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया। राज्य में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दूसरे चरण में 1,63,14,479 मतदाता हैं। इस चरण में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, 8 मंत्रियों और 4 सांसदों समेत 958 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि राजिम जिले की नक्सल प्रभावित बिंद्रानवागढ़ सीट के 9 मतदान केंद्रों में सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ जो दोपहर बाद तीन बजे समाप्त होगा।
अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ जहां मतदाता शाम पांच बजे तक अपने मताधिकार प्रयोग कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे तक 70 सीट के 19.65% फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। अधिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण में 827 पुरुष, 130 महिलाएं और लैंगिक रूप से थर्ड जेंडर के एक उम्मीदवार समेत कुल 958 प्रत्याशी हैं।
उन्होंने बताया कि रायपुर शहर पश्चिम सीट पर सबसे अधिक 26 उम्मीदवार हैं। जबकि डौंडीलोहारा निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम चार उम्मीदवार मैदान में हैं। अधिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण में 70-70 उम्मीदवार भाजपा और कांग्रेस से तथा 43 उम्मीदवार आम आदमी पार्टी (AAP) से हैं।
वहीं, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से 62, हमर राज पार्टी के 33, बहुजन समाज पार्टी से 43 तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से 26 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में कुल मतदाताओं में से 81,41,624 पुरुष, 81,72,171 महिलाएं और 684 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं। दूसरे चरण के लिए 18,833 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
रायपुर उत्तर विधानसभा सीट एक ऐसा विधानसभा क्षेत्र है जहां सभी मतदान केंद्रों पर महिला अधिकारी और कर्मचारी ही तैनात हैं जो मतदान कार्य संपन्न कराएंगी। राज्य के 70 विधानसभा क्षेत्रों में से 44 सीट सामान्य वर्ग की हैं जबकि 17 सीट अनुसूचित जनजाति के लिए और 9 सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच है।
मध्य प्रदेश में 11% फीसदी मतदान
मध्य प्रदेश की 230 सीटों के लिए मतदान जारी है। छिटपुट हिंसा के बीच मध्य प्रदेश में करीब 28 प्रतिशत मतदान हुआ है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक मध्य प्रदेश में 27.62% मतदान हुआ है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जारी मतदान के बीच हिंसा के खबर सामने आ रही है। मध्य प्रदेश के मुरैना में दिमनी विधानसभा क्षेत्र के मिरघान मतदान केंद्र संख्या 147-148 पर दो पक्षों के बीच पथराव की खबर आई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में फायरिंक की भी खबर सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने गोलीबारी की घटना की पुष्टि नहीं की है। लेकिन पथराव में एक मतदाता के घायल होने की खबर है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चुनाव अधिकारियों ने बताया कि अब मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। मतदान केंद्र पर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई है। मतदाताओं की सुरक्षा के लिए अत्यधिक पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा शुक्रवार सुबह छत्तीसगढ़ के धमतरी में नक्सली हमले की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि वोटिंग टीम की सुरक्षा में तैनात CRPF की टीम पर नक्सली हमला हुआ है। इस हमले में CRPF के जवाब बाल-बाल बच गए। रिपोर्ट के मुताबिक, नक्सलियों ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के धमतरी में कम तीव्रता के दो IED विस्फोट किए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सिहावा विधानसभा सीट के तहत आने वाले खल्लारी-गातापुर रोड पर हुए विस्फोटों में कोई घायल नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई, जब जवान शुक्रवार को मतदान के मद्देनजर डी-माइनिंग प्रैक्टिस पर निकले थे। इसी दौरान गश्ती दल से काफी दूर कम तीव्रता वाले दो विस्फोट हुए। एमपी की कुल 230 विधानसभा सीटों के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके पूर्ववर्ती कमलनाथ सहित 2,533 उम्मीदवार मैदान में हैं जहां सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) और विपक्षी कांग्रेस के बीच काफी हद तक सीधा मुकाबला है।