Mizoram Election 2023: मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में उतरे कुल 174 उम्मीदवारों में से 122 करोड़पति हैं। इनमें सबसे अमीर उम्मीदवार आम आदमी पार्टी (AAP) के एंड्रयू लालरेमकिमा पचुआउ हैं, जिनकी घोषित संपत्ति लगभग 69 करोड़ रुपये है। पचुआउ, मिजोरम में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। चुनाव आयोग के पास जमा उम्मीदवारों के हलफनामों के अनुसार, राज्य के 64.4% उम्मीदवारों ने एक करोड़ रुपये या उससे अधिक की संपत्ति घोषित की है। पचुआउ 68.93 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। वह आइजोल उत्तर-तृतीय विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
पचुआऊ के बाद कांग्रेस के आर वनलालतलुआंगा (सेरछिप विधानसभा) 6.36 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। वहीं जोरम पीपुल्स मूवमेंट के एच गिंजालाला (चंफाई उत्तर विधानसभा) करीब 9 करोड़ रुपये की घोषित संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। उनके हलफनामों के अनुसार, उनकी आय का स्रोत बिजनेस है।
वहीं दूसरी ओर सेरछिप विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार रामहलुन-एडेना राज्य के सबसे गरीब कैंडिडेंट हैं। उनके पास महज 1,500 रुपये की चल संपत्ति है। इसके अलावा चुनाव आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए गए अपने हलफनामे में, लॉन्ग्टलाई पश्चिम से बीजेपी उम्मीदवार जेबी रुआलछिंगा ने गलती से अपनी संपत्ति 90.32 करोड़ रुपये घोषित कर दी है। पार्टी ने चुनाव आयोग से इसमें सुधार की मांग की है।
इससे पहले 2018 के विधानसभा चुनावों में, MNF के लालरिनेंगा सेलो (हचेक विधानसभा) ₹100 करोड़ की घोषित संपत्ति के साथ सबसे अमीर उम्मीदवार थे। इसके बाद उनकी ही पार्टी के सहयोगी रॉबर्ट रोमाविया रॉयटे (आइजोल पूर्व-द्वितीय) दूसरे स्थान पर थे, जिनके पास ₹44 करोड़ की संपत्ति थी। हालांकि, इस बार सेलो की संपत्ति काफी कम होकर ₹26.24 करोड़ और रॉयटे की संपत्ति ₹32.24 करोड़ रह गई है।
मिजोरम चुनाव में इस बार कुल 16 महिला उम्मीदवार हैं। इनमें कांग्रेस उम्मीदवार मरियम एल. ह्रांगचल (लुंगलेई दक्षिण) ₹18.63 करोड़ की संपत्ति के साथ सबसे अमीर हैं।
मुख्यमंत्री जोरमथांगा के पास 5 करोड़ की संपत्ति
MNF एमएनएफ और राज्य के मौजूदा मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने अपने हलफनामे में 5 करोड़ रुपये की संपत्ति दिखाई है। वहीं ZPM के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार लालदुहोमा (सेरछिप विधानसभा) के पास ₹4 करोड़ की संपत्ति है। इसके अलावा मिजोरम कांग्रेस के अध्यक्ष लालसावता (आइजोल पश्चिम-तृतीय) ने 6 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। वहीं बीजेपी अध्यक्ष वनलालहमुअका (डम्पा विधानसभा) के पास 31.31 लाख रुपये की संपत्ति है।