Mizoram Assembly Election Results 2023: मिजोरम विधानसभा चुनाव में नई राजनीतिक पार्टी जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) 27 सीटों पर शानदार जीत हासिल कर पूर्ण बहुमत हासिल कर ली है। चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, राज्य में सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) ने 9 सीटों पर जीत हासिल कर ली है और वह 1 अन्य सीट पर आगे है। हालांकि, MNF के कई वरिष्ठ नेता हार गए हैं। मुख्यमंत्री पद के लिए ZPM के उम्मीदवार लालदुहोमा (Lalduhoma) अब राज्य की कमान संभालेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) मिजोरम में दो सीटों पर जीत के साथ तीसरे स्थान पर है। जबकि कांग्रेस की स्थिति काफी खराब रही है। वह सिर्फ 1 सीट तक ही सिमट गई है। इतना ही खुद मुख्यमंत्री जोरमथांगा (Mizoram CM Zoramthanga) अपनी सीट नहीं बच पाए। वह आइजोल ईस्ट-1 सीट पर ZPM उम्मीदवार लालथनसांगा से करीब 2,101 वोटों के अंतर से हार गए हैं।
इसके अलावा उपमुख्यमंत्री तावंलुइया को भी तुइचांग सीट में ZPM के उम्मीदवार डब्ल्यू चुआनावमा से 909 मतों के अंतर से शिकस्त का सामना करना पड़ा। राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री लालरुआत्किमा आइजोल वेस्ट-द्वितीय सीट पर ZPM के उम्मीदवार लालनघिंगलोवा हमार से 4,819 मतों के अंतर से हार गए। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री आर. लालथंगलियाना साउथ तुईपुई सीट से जेडपीएम उम्मीदवार जेजे लालपेखलुआ से 135 मतों से हार गए।
मुख्यमंत्री पद के लिए ZPM के उम्मीदवार लालदुहोमा सेरछिप सीट से जीत गए हैं। उन्होंने MNF के उम्मीदवार जे. माल्सावमजुआला वानछावंग को 2,982 मतों से हराया। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्रंचड जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मिजोरम से भी अच्छी खबर सामने आई है। चुनाव आयोग के अनुसार, BJP ने मिजोरम में पालक (Palak) और सैहा (Saiha) विधानसभा सीट जीत लिया है।
मिजोरम में 40 विधानसभा सीट हैं और बहुमत के लिए 21 सीट जीतनी आवश्यक हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई। मतगणना 13 केंद्रों में की गई। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती हुई और EVM में पड़े वोट की गिनती सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू हुई।
जिन सीटों पर मतदाताओं की संख्या कम है, वहां केवल दो दौर की गिनती हुई। लेकिन अधिकतर निर्वाचन क्षेत्रों में पांच दौर की गिनती हुई। मतगणना प्रक्रिया में 4,000 से अधिक कर्मी शामिल थे। मिजोरम विधानसभा के लिए मतदान 7 नवंबर को हुआ था और राज्य के 8.57 लाख मतदाताओं में से 80 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। चुनाव में 18 महिलाओं सहित कुल 174 उम्मीदवार मैदान में हैं।
मिजोरम विधानसभा चुनाव 2023 में मिजो नेशनल फ्रंट (MNF), जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) और कांग्रेस (Congress) ने 40-40 सीटों पर चुनाव लड़ा। जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 13 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। मिजोरम में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा। इसके अलावा 17 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में थे।