Mizoram Assembly Elections 2023 Voting Highlights: मिजोरम की सभी 40 विधानसभा सीटों पर मंगलवार सुबह 7 बजे से जारी वोटिंग शाम 4 बजे खत्म हो गई। अब वही मतदाता वोट डाल पा रहे हैं, जो पोलिंग बूथ के अंदर पहले से पहुंच गए थे। मतदान समाप्त होने के बाद आइजोल के जरक्वाट में मतदान केंद्र पर EVM और VVPAT को सील किया गया। मिजोरम में 75 फीसदी से मतदान दर्ज किया गया है। मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार शाम बजे तक करीब 75.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मिजोरम में कुल 8.57 लाख मतदाता चुनाव में वोट करने के पात्र हैं। अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार दोपहर तीन बजे तक 11 जिलों में से सरछिप में सबसे अधिक 77.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद ख्वाज़ॉल में 77.12 प्रतिशत और हनाथियाल में 74.96 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे कम मतदान (52.02 फीसदी) सियाहा में दर्ज किया गया। आइजोल जिले (65.06 प्रतिशत) और सैतुअल (68.08 प्रतिशत) में भी अन्य की तुलना में कम मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया।
राज्य के 8.57 लाख से अधिक मतदाता 174 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें 4.39 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। मिजोरम के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच. लियानजेला ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण समाप्त हो गया है। अभी तक कानून एवं व्यवस्था की स्थिति में कोई दिक्कत नहीं है।
सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (MNF), मुख्य विपक्षी दल जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) और कांग्रेस ने सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) 23 सीट पर चुनाव लड़ रही है और आम आदमी पार्टी (AAP) ने चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए हैं। इसके अलावा 27 निर्दलीय उम्मीदवार हैं।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि आइजोल में एक मतदान केंद्र में EVM में तकनीकी खामी की खबर आई, जहां मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने वोट डाला है। उन्होंने पीटीआई को बताया, "मुख्यमंत्री सुबह रामलुन वेंगलई प्राइमरी स्कूल में बने मतदान केंद्र में गए लेकिन उस समय EVM काम नहीं कर रही थी। इसलिए वह घर लौट गए और वोट डालने सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर फिर आए।"
कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष लालसावता ने सुबह 7 बजकर 40 मिनट पर अपने आइजोल पश्चिम-तृतीय निर्वाचन क्षेत्र में बने एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। मिजोरम में 1,276 मतदान केंद्रों में से 149 सुदूर मतदान केंद्र हैं। जबकि अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय सीमा के आसपास के करीब 30 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए थे। मतगणना 3 दिसंबर को होगी।