भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर उज्जैन दक्षिण विधायक मोहन यादव (Mohan Yadav) को मध्य प्रदेश का नया मुख्यमंत्री (MP New CM) नामित किया। रीवा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक राजेंद्र शुक्ला (Rajendra Shukla) और मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री जगदीश देवड़ा (Jagdish Deora) राज्य के उपमुख्यमंत्री होंगे, जबकि पूर्व कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर (Narendra Singh Tomar) मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगे। इस महीने की शुरुआत में बीजेपी ने मध्य प्रदेश में 166 सीटें जीतकर प्रचंड जीत हासिल की थी।
मोहन यादव उज्जैन जिले के उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से मध्य प्रदेश विधान सभा के सदस्य हैं। वह पहली बार 2013 में इसी सीट से विधायक बने थे। उन्होंने 2018 और 2023 में इसी सीट से विधानसभा चुनाव जीता। यादव राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से भी ताल्लुक रखते हैं।
मोहन यादव शिवराज सिंह चौहान सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं। मोहन यादव ने 2023 के चुनाव में 13000 से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की है।
मध्य प्रदेश विधानसभा की वेबसाइट के मुताबिक, मोहन यादव का जन्म 25 मार्च 1965 को हुआ था। उनका जन्म उज्जैन में हुआ था। उनके पिता का नाम पूनमचंद यादव है। उनकी शादी सीमा यादव से हुई है। उनके दो बेटे और एक बेटी है।
मोहन यादव के पास BSC, LLB, MA, MBA और PhD समेत कई शैक्षणिक डिग्रियां हैं। मोहन यादव शिवराज सिंह चौहान की सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री रह चुके हैं।
उनका राजनीतिक करियर 1982 में शुरू हुआ, जब वह माधव साइंस कॉलेज छात्र संघ के सह-सचिव बने और उसके बाद 1984 में अध्यक्ष बने। उन्होंने 1984 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) उज्जैन के नगर मंत्री और 1986 में विभाग प्रमुख के रूप में भी काम किया।
1988 में वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, मध्य प्रदेश के प्रदेश सह-मंत्री और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य रहे। इसके बाद 1989 से 1990 तक परिषद की प्रदेश इकाई के प्रदेश मंत्री भी रहे।
1991-92 में वे परिषद के राष्ट्रीय मंत्री रहे। यादव 2013 में पहली बार उज्जैन दक्षिण से विधायक चुने गए। 2018 में उन्होंने दूसरी बार चुनाव जीता और उच्च शिक्षा मंत्री बने।