MP CM: मोहन यादव ने ली मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ, राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा बने डिप्टी CM

MP CM Mohan Yadav Oath Ceremony: मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल वरिष्ठ बीजेपी नेता और नवनिर्वाचित विधायक नरेंद्र सिंह तोमर नए विधानसभा अध्यक्ष होंगे। यादव को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का करीबी माना जाता है। उन्हें शीर्ष पद के दावेदार के रूप में नहीं देखा जा रहा था। वह अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) समुदाय से आते हैं

अपडेटेड Dec 13, 2023 पर 11:38 AM
Story continues below Advertisement
MP CM Mohan Yadav Oath Ceremony: मध्य प्रदेश में राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा उप मुख्यमंत्री होंगे

MP CM Mohan Yadav Oath Ceremony: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक दल के नेता मोहन यादव ने बुधवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। मोहन यादव को राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने सीएम पद की शपथ दिलाई। राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री होंगे। इन तीनों के अलावा किसी मंत्री ने शपथ नहीं ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य सीनियर नेता शामिल थे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी समारोह में मौजूद थे।

इस समारोह में बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता, खासकर मोहन यादव के गृहनगर उज्जैन से भारी संख्या में लोग मौजूद थे। कई दिनों से चल रही अटकलों को खत्म करते हुए बीजेपी ने सोमवार को मोहन यादव को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना। इसके साथ ही भगवा पार्टी के दिग्गज नेता शिवराज सिंह चौहान को रिकॉर्ड पांचवीं बार सत्ता में आने से रोक दिया। चौहान सरकार में मंत्री 58 वर्षीय यादव को सोमवार को एक बैठक के दौरान सर्वसम्मति से बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया।

मोहन यादव के साथ राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल वरिष्ठ बीजेपी नेता और नवनिर्वाचित विधायक नरेंद्र सिंह तोमर नए विधानसभा अध्यक्ष होंगे। यादव को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का करीबी माना जाता है। उन्हें शीर्ष पद के दावेदार के रूप में नहीं देखा जा रहा था। वह अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) समुदाय से आते हैं, जिनकी संख्या राज्य की जनसंख्या में 48 प्रतिशत से अधिक है।


ये भी पढ़ें- VIDEO: 'मर जाऊंगा, लेकिन दिल्ली नहीं जाऊंगा', CM हाउस पर विदाई भाषण में छलका शिवराज का दर्द

सोमवार को मुख्यमंत्री नामित होने के बाद मोहन यादव ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की और अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया। यादव 2013 में पहली बार उज्जैन दक्षिण सीट से विधायक चुने गए थे। उन्होंने 2018 और फिर 2023 में विधानसभा सीट बरकरार रखी। पिछले महीने के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने राज्य की 230 विधानसभा सीटों में से 163 सीटें जीती और कांग्रेस को 66 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर धकेल दिया।

Akhilesh

Akhilesh

हिंदी में शेयर बाजारस्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंसऔर अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।