Assembly Elections 2023: पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय सुरक्षा बल और राज्य पुलिस बलों की अनुमानित 1,700 कंपनियां तैनात किए जाने की संभावना है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में 7 से 30 नवंबर के बीच चुनाव होंगे। जबकि मतगणना 3 दिसंबर को होगी। नक्सल खतरे की आशंका को ध्यान में रखते हुए केवल छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव होंगे। इसके तहत 7 नवंबर को 20 सीटों और 17 नवंबर को 70 सीटों पर मतदान होगा।
सूत्रों ने बताया कि प्रमुख आंतरिक सुरक्षा बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) तैनात किए जाने वाले बलों की तैनाती का समन्वय करेगा। बलों की टुकड़ियों में अन्य राज्यों की कुछ विशेष पुलिस इकाइयों के अलावा सीमा सुरक्षा बल (BSF), भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), सशस्त्र सीमा बल (SSB), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CIRF) और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) जैसे बलों की टुकड़ियां शामिल होंगी।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) इन राज्यों में पहले से मौजूद अपनी इकाइयों के अलावा करीब 400 अतिरिक्त कंपनियों की तैनाती करेगा जिसमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है। CRPF ने छत्तीसगढ़ में मुख्य रूप से नक्सल विरोधी अभियानों के लिए लगभग 25-30 बटालियन को स्थायी रूप से तैनात किया है।
सूत्रों ने बताया कि अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और राज्य बल चुनाव साझेदारी कर अन्य इकाइयां तैयार करेंगे ताकि अगले माह होने वाले पांच राज्यों में तैनाती के लिए कुल 6000 से अधिक कंपनियां उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर लगभग 1,700 कंपनियों को तैनात किया जा रहा है, जिनमें लगभग 1.5 लाख कर्मचारी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ और इकाइयों को तैयार रखा जाएगा तथा अक्टूबर के अंत तक उन्हें शिफ्ट कर दिया जाएगा। एक CAPF यूनिट में लगभग 70-80 जवान होते हैं। जबकि एक बटालियन में यह संख्या लगभग 1,000 के करीब होती है।
बता दें कि देश के पांच राज्यों में 7 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक कुल चार चरणों में मतदान होंगे। छत्तीसगढ़ में दो चरणों में, जबकि बाकी राज्यों में एक ही दिन वोट डाले जाएंगे। साल के ये आखिरी विधानसभा चुनाव सेमीफाइनल तो नहीं, लेकिन 2024 के आम चुनाव के लिए रिहर्सल जैसे जरूर हैं।
मिजोरम में 5,000 से अधिक कर्मी तैनात किए जाएंगे
मिजोरम विधानसभा के लिए 7 नवंबर को होने वाले चुनाव के वास्ते कम से कम 3,000 पुलिसकर्मी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 450 टुकड़ी (सेक्शन) तैनात की जाएंगी। मिजोरम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मधुप व्यास ने कहा कि निर्वाचन आयोग सुचारू, स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास कर रहा है। CAPF के एक सेक्शन में 12 कर्मी शामिल होते हैं। इस तरह, 450 सेक्शन में सीएपीएफ के 5,400 कर्मी होंगे।
व्यास ने कहा कि मतदान के दिन आइजोल में एक हेलीकॉप्टर को तैनात रखने की भी व्यवस्था की गई है। अधिकारी के अनुसार, चुनाव की घोषणा के बाद से अब तक 36.32 करोड़ रुपये की नकदी, मादक पदार्थ, शराब और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं जब्त की गई हैं। मिजोरम विधानसभा की 40 सीट के लिए चुनाव सात नवंबर को एक ही चरण में होंगे और मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी।